हत्या के मामले में सात माह से फरार 3 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
जंगल में टपरिया बनाकर छिपा था आरोपी, सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
सागर। थाना महाराजपुर पुलिस ने हत्या के एक मामले में करीब सात माह से फरार चल रहे 3 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सुखदेव यादव पिता महेश यादव, निवासी देचूआ थाना केसली, गिरफ्तारी से बचने के लिए जंगल क्षेत्र में टपरिया बनाकर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार महाराजपुर थाने में अपराध क्रमांक 31/26 के तहत आरोपी सुखदेव यादव के खिलाफ धारा 103(1), 190, 118(2) और 191(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से 3 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों और संपर्क वाले स्थानों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सुखदेव यादव जंगल क्षेत्र में टपरिया बनाकर छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि करने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह के साथ नीलेश, वीरेंद्र, संजय, धर्मेंद्र, ऋषभ और चालक रामेन्द्र की भूमिका रही।








