MP में विकास कार्यों की सौगात: कटनी से सिंगरौली तक बनेगी फोरलेन सड़क, टाइगर रिजर्व में खुलेगा नया पर्यटन गेट
जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में CM मोहन यादव ने की कई घोषणाएं, 357.71 करोड़ के 82 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन; काले झंडे दिखाकर कांग्रेसियों ने किया विरोध
शहडोल। ब्यौहारी में सोमवार को आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कटनी से विजयसोता और बरगवां होते हुए सिंगरौली तक फोरलेन सड़क बनाने का ऐलान किया। इसके साथ ही संजय गांधी टाइगर रिजर्व में ब्यौहारी की तरफ से एक नया पर्यटन प्रवेश द्वार विकसित करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने इस दौरान जिले में 357.71 करोड़ रुपए की लागत वाले 82 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।
कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक विरोध भी देखने को मिला। मुख्यमंत्री के संबोधन के बीच कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और थाने ले गई। बाद में मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए वंशवाद की राजनीति करने और विकास कार्यों का विरोध करने का आरोप लगाया।
CM के भाषण के दौरान कांग्रेसियों का प्रदर्शन, दिखाए काले झंडे
ब्यौहारी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंच से संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता काले झंडे लेकर सामने आए और सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे। प्रदर्शन के चलते कार्यक्रम में कुछ देर के लिए व्यवधान की स्थिति बन गई। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को हिरासत में लेकर कार्यक्रम स्थल से बाहर किया और ब्यौहारी थाने पहुंचाया। थाने पहुंचने के बाद भी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी जारी रखी।
कांग्रेस पर बरसे मुख्यमंत्री, वंशवाद की राजनीति का लगाया आरोप
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्षी दल पर राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंग्रेजों की तर्ज पर वंशवाद की राजनीति करती है। देश और प्रदेश में हो रहे विकास कार्य कांग्रेस को पसंद नहीं आ रहे हैं, इसलिए वह इनका विरोध कर रही है।
कटनी से सिंगरौली तक फोरलेन सड़क का ऐलान
मुख्यमंत्री ने कटनी से विजयसोता और बरगवां के रास्ते सिंगरौली तक फोरलेन सड़क बनाने की घोषणा की। इसके अलावा क्षेत्र में तीन अन्य सड़कों के निर्माण को भी मंजूरी देने की बात कही। इनमें सरसी मुख्य मार्ग से खड़ेह मंदिर तक 18 करोड़ रुपए, जामुनी से खड़ेह मंदिर तक 13 करोड़ रुपए और दुआरी से गांधिया तक 15 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण कराया जाएगा। इन तीनों सड़कों पर कुल 46 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही मऊ से चरखारी मार्ग बनाने की घोषणा भी की गई।
संजय गांधी टाइगर रिजर्व में बनेगा नया पर्यटन प्रवेश द्वार
क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने संजय गांधी टाइगर रिजर्व में ब्यौहारी की ओर से नया प्रवेश द्वार विकसित करने का ऐलान किया। इस सुविधा के शुरू होने से पर्यटकों को आने-जाने में सहूलियत मिलने के साथ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को विस्तार मिलने की संभावना है। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार हो सकते हैं।
विद्यार्थियों के लिए ब्यौहारी में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी
मुख्यमंत्री ने ब्यौहारी में आधुनिक सुविधाओं से युक्त डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा भी की। यहां विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को पढ़ाई के लिए डिजिटल संसाधन और बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
357.71 करोड़ के 82 कार्यों को मिली सौगात
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शहडोल जिले के कुल 357.71 करोड़ रुपए के 82 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 8.64 करोड़ रुपए के 10 पूरे हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 349.07 करोड़ रुपए की लागत वाले 72 कार्यों का भूमिपूजन हुआ।
भूमिपूजन किए गए कार्यों में ऊर्जा विभाग के 291.51 करोड़ रुपए के दो प्रोजेक्ट शामिल हैं। वहीं, जनजातीय कार्य विभाग के 35.66 करोड़ रुपए की लागत वाले 61 कार्यों की आधारशिला रखी गई। गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के 13.09 करोड़ रुपए के एक और नगरीय विकास एवं आवास विभाग के 7.40 करोड़ रुपए के पांच कार्य भी इसमें शामिल हैं।
इसके अलावा वन विभाग के 80 लाख रुपए के दो तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 61 लाख रुपए के एक कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।
8.64 करोड़ के 10 विकास कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने जिले में पूरे हो चुके 10 विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इनमें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 7.70 करोड़ रुपए की लागत वाले आठ कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 94 लाख रुपए खर्च कर तैयार किए गए दो कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।
जंगली हाथियों से फसल और मकानों को नुकसान पर जताई चिंता
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली हाथियों की मौजूदगी और उनके कारण फसलों तथा मकानों को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि हाथियों से बचाव के लिए ट्रेंच खोदने सहित दूसरे जरूरी सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए। इस संबंध में भोपाल से विशेषज्ञों की टीम भेजी जाएगी। टीम प्रभावित इलाकों के लोगों को हाथियों से सुरक्षित रहने के तरीके बताएगी और जरूरी प्रशिक्षण भी देगी।
रोड शो में जगह-जगह हुआ मुख्यमंत्री का स्वागत
राज्यस्तरीय कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ब्यौहारी में रोड शो किया। जनपद पंचायत कार्यालय से शुरू हुआ यह रोड शो स्टेडियम तक पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रास्ते में अलग-अलग स्थानों पर नागरिकों ने फूल बरसाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
ज्ञापन देने जा रहे कांग्रेसियों को भूसा तिराहे पर रोका
मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने भूसा तिराहे पर ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी के बाद झड़प और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।








