मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के प्रयासों से जैसीनगर और राहतगढ़ ब्लॉक में सात निर्माण कार्य स्वीकृत, 13.35 किलोमीटर लंबी सड़कों के साथ धसान नदी पर बनेगा पुल
सागर। सुरखी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क बेहतर करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने वर्ष 2026-27 के तहत सात निर्माण कार्यों को मंजूरी दी है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री और क्षेत्रीय विधायक गोविंद सिंह राजपूत के प्रयासों से स्वीकृत इन कार्यों पर कुल 25 करोड़ 17 लाख 85 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। इनमें छह सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं, जिनकी कुल लंबाई करीब 13.35 किलोमीटर होगी। इसके अलावा धसान नदी पर एक पुल का निर्माण भी किया जाएगा।
इन परियोजनाओं का लाभ जैसीनगर और राहतगढ़ ब्लॉक के करीब 150 गांवों को मिलने की उम्मीद है। सड़क और पुल बनने से ग्रामीणों को सालभर आवागमन की सुविधा मिलेगी। खासतौर पर किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी।
जैसीनगर ब्लॉक में तीन सड़कों को मिली मंजूरी
जैसीनगर क्षेत्र में ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही आवागमन संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तीन सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इनमें ग्राम तोड़ातर्फदार से बड़े देव बाबा तक 2.5 किलोमीटर लंबा पहुंच मार्ग, ग्राम महुआखेड़ा से हिनोतिया भुजपता तक 1.15 किलोमीटर सड़क और ग्राम बड़ेरा से बदबदी तक 3 किलोमीटर का मार्ग शामिल है।
इन सड़कों के निर्माण से आसपास के गांवों के लोगों को मुख्य मार्गों तक पहुंचने में सुविधा होगी और आवागमन में लगने वाला समय भी कम होगा।
राहतगढ़ में तीन सड़कें और धसान नदी पर बनेगा पुल
राहतगढ़ ब्लॉक के लिए भी चार महत्वपूर्ण निर्माण कार्य मंजूर किए गए हैं। इनमें ग्राम टीला बुजुर्ग से हरवंशपुरा तिगड्डा तक 2 किलोमीटर, ग्राम बटयावदा से खेरोदा तक 1.5 किलोमीटर और सीहोरा से खेरापति भड़ुआ तक 3.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण शामिल है।
इसके साथ ही हीरापुर-रामछायरी मार्ग पर धसान नदी में पुल बनाने की स्वीकृति भी दी गई है। इस पुल के बनने से नदी के कारण प्रभावित होने वाले आवागमन को काफी हद तक सुगम बनाया जा सकेगा। खासकर बारिश के दिनों में ग्रामीणों को नदी पार करने और दूसरे क्षेत्रों तक पहुंचने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
किसानों से लेकर विद्यार्थियों तक को होगा लाभ
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और पुल का सीधा संबंध लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से है। बेहतर सड़क संपर्क होने से किसानों को अपनी फसल मंडियों तक ले जाने में सहूलियत मिलती है। वहीं विद्यार्थियों के लिए स्कूल-कॉलेज पहुंचना, मरीजों को अस्पताल ले जाना और ग्रामीणों के लिए रोजगार व व्यापार से जुड़े कामों के सिलसिले में शहर तक पहुंचना आसान होता है।
सड़कें बेहतर होने से गांवों में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। कृषि उत्पादों का परिवहन सुगम होने से किसानों को लाभ मिलता है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। वहीं नदी और नालों पर पुल बनने से बारिश के मौसम में रास्ते बंद होने की समस्या कम होती है।
हर गांव तक विकास पहुंचाने का लक्ष्य: मंत्री राजपूत
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का कहना है कि सुरखी विधानसभा के सभी गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों की जरूरतों और लंबे समय से लंबित मांगों को शासन स्तर पर उठाकर विकास कार्यों को मंजूरी दिलाने की दिशा में काम किया जा रहा है। सात निर्माण कार्यों की स्वीकृति को भी इसी प्रयास का हिस्सा माना जा रहा है। इनके पूरा होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को आवागमन सहित कई जरूरी सुविधाओं में राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप सरकार की कोशिश है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
इसी दिशा में प्रदेश में सड़क, पुल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। सुरखी विधानसभा में स्वीकृत सात परियोजनाएं भी ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधा देने की योजना का हिस्सा हैं।
इन गांवों के किसानों और ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
स्वीकृत सड़क और पुल निर्माण कार्यों से सुरखी विधानसभा के साथ आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों के गांवों को भी फायदा मिलेगा। इनमें परगासपुरा, मोचल, तेंदूडाबर, बदबदी, सेमाढाना, सत्ताढाना, पड़रई, सीहोरा, सेमराघाट, गंभीरिया, हंसरई, मोहारा, सिंगारचैरी, ढकरई, मूड़री, सेवन, ताजपुर, करहद, कोरंजा, मेहंगोद, बटयावदा, रमपुरा, खेरोंदा, बासौदा, रूसल्ला, पचमा, साईखेड़ा, झिला, तोड़ा तरफदार, टीलाबुजुर्ग, पीपरा, करैया हजारी, रामछायरी, सेमराचरखरा, गुनगुचा, बसियाभौती, बरौदियावल्लभ, रूपउ, मानकचैक, ढगरानिया, मनेशिया और हरवंशपुरा सहित करीब 150 गांव शामिल हैं।
इन मार्गों के बनने से संबंधित गांवों के किसानों को पूरे साल आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। साथ ही वे अपनी कृषि उपज को आसानी से मंडियों तक पहुंचा सकेंगे। इससे खेती-किसानी से जुड़े कामों में आने वाली परिवहन संबंधी दिक्कतें कम होंगी और किसानों को आर्थिक रूप से लाभ मिलने की संभावना है।
सड़क और पुल निर्माण कार्यों को मंजूरी मिलने पर क्षेत्रवासियों ने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के प्रति आभार जताया है।








