बैंक से रकम निकालकर फल की दुकान के सामने खड़ी बाइक में रखी थी नकदी, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची
सागर। रहली में बाइक की डिक्की से 1.50 लाख रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक छतरपुर जिले के चंदला थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने उसे छतरपुर से गिरफ्तार कर सागर लाया, जहां पूछताछ के दौरान चोरी की गई रकम भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम पटना बुजुर्ग निवासी ओंकार पिता दुर्गा प्रसाद रजक (36) ने 8 अक्टूबर को रहली थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि भारतीय स्टेट बैंक की रहली शाखा से 1.50 लाख रुपये निकालने के बाद पूरी रकम अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रख दी थी। इसके बाद उन्होंने बस स्टैंड स्थित मुकेश खटीक की फल दुकान के सामने बाइक खड़ी की। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने डिक्की खोलकर नकदी चोरी कर ली।
शिकायत मिलने के बाद रहली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। इसके अलावा अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए गए। जांच में सामने आए फुटेज और जानकारियां आसपास के थानों के साथ छतरपुर सहित सीमावर्ती जिलों की पुलिस इकाइयों को भेजी गईं।
इसी दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी की इस वारदात में शामिल संदिग्ध छतरपुर जिले में भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त है। छतरपुर पुलिस ने उसे एक दूसरे मामले में गिरफ्तार किया था। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान अनुराग पिता सुखदेव सिसोदिया (21), निवासी कंचनपुर, थाना चंदला, जिला छतरपुर के रूप में हुई।
जानकारी मिलते ही रहली पुलिस की टीम छतरपुर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर सागर ले आई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान चोरी की गई रकम बरामद कर ली गई है।
रहली थाना प्रभारी संजय ऋषिश्वर ने बताया कि बाइक की डिक्की से नकदी चोरी करने वाले आरोपी को छतरपुर से गिरफ्तार किया गया है। उसे थाने लाकर मामले के संबंध में पूछताछ की जा रही है।








