होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
—
On:

सागर में मना डॉ. गौर का 157वां जन्मदिन, दान और शिक्षा की विरासत को किया याद

सागर में मना डॉ. गौर ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

सागर में मना डॉ. गौर का 157वां जन्मदिन, दान और शिक्षा की विरासत को किया याद

गौर प्रांगण में हुआ मुख्य कार्यक्रम, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान

सागर। महान दानवीर और कानून के विद्वान सर डॉ. हरिसिंह गौर की 157वीं जयंती पर डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में मुख्य समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मेहमानों ने दीप जलाकर और डॉ. गौर के तैल चित्र पर फूल चढ़ाकर की। संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

समारोह में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, सागर सांसद लता वानखेड़े, राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल, विधायक शैलेन्द्र जैन, महापौर संगीता तिवारी, श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मेहमानों ने वैदिक मंत्रों के बीच डॉ. गौर की पूजा की। इस मौके पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् गाया गया और संविधान की प्रस्तावना का वाचन भी हुआ। कुलगुरु नागेश दुबे ने विश्वविद्यालय की बीते वर्षों की उपलब्धियों और शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में बताया।

मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि अपनी मेहनत की कमाई को जनहित में दान कर देना ही डॉ. गौर के बड़े व्यक्तित्व की पहचान है। विश्वविद्यालय आने पर उन्हें अपने छात्र जीवन की याद आ जाती है। उन्होंने कहा कि आज हम सब जो कुछ भी हैं, वह इसी विश्वविद्यालय की देन है और इसके लिए हम सभी को डॉ. गौर का ऋणी रहना चाहिए। डॉ. गौर ने ऐसे कठिन समय में यह विश्वविद्यालय खड़ा किया, जब इसकी कल्पना भी मुश्किल थी। उनकी सोच बहुत व्यापक थी। अपनी मेहनत की कमाई को सार्वजनिक हित में दे देना उन्हीं जैसे महान व्यक्ति के बस की बात थी। आज उन्हें याद करने का दिन है। जिन लोगों की भावनाएं डॉ. गौर से जुड़ी हैं, वे अपने जीवन और अपनी परंपरा में गौर साहब को संजोकर रखें।

उन्होंने कहा कि आज का दिन डॉ. गौर के योगदान को याद करने का दिन है। यह मध्यप्रदेश का पहला विश्वविद्यालय रहा। उन्होंने बताया कि वे खुद भी इसी विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं। डॉ. गौर की जयंती मनाने का मकसद नई पीढ़ी को उनके संविधान निर्माण और इस विश्वविद्यालय की स्थापना समेत शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान, उनके संघर्ष भरे जीवन और अतीत से परिचित कराना है। डॉ. गौर ने अभावों के बीच शिक्षा हासिल कर इतनी बड़ी उपलब्धि पाई। उन्होंने एक सपना देखा और उस सपने को पूरा कर इस विश्वविद्यालय की स्थापना की, जिसे मध्यप्रदेश सरकार ने डॉ. गौर के सम्मान में डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय नाम दिया।

सागर लोकसभा सांसद लता वानखेड़े ने कहा कि डॉ. गौर हमारा गौरव हैं। यह विश्वविद्यालय उनकी विरासत है। विश्वविद्यालय की स्थापना एक महान शख्सियत की निःस्वार्थ सेवा का प्रतीक है। हम सब खुशकिस्मत हैं कि हम यहां के विद्यार्थी रहे हैं। आज जो कुछ भी हम बन पाए, कर पाए, उनकी वजह से कर पाए हैं। आज उनके जन्म दिवस पर हम संकल्प लें कि उनके पद चिन्हों पर चलकर उनकी विरासत को संजोएं और अपने मन की भावनाओं से उनको हमेशा याद रखकर आगे बढ़ें और देश हित में काम करें।

उन्होंने कहा कि डॉ. गौर ने सागर में विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए अपनी जीवनभर की जमापूंजी न्यौछावर कर दी। यह केवल धन का दान नहीं था, यह विद्या और भविष्य का दान था। विश्वविद्यालय के रूप में बुंदेलखंड की प्रतिभाओं के लिए नए अवसरों का द्वार खोलने का काम हुआ। डॉ. गौर हमारे विचारों और इस विश्वविद्यालय के छात्रों की उपलब्धियों में हमेशा अमर रहेंगे।

राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने संविधान गौरव दिवस की घोषणा की है। उन्होंने संविधान के निर्माण में डॉ. गौर के योगदान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. गौर द्वारा विश्वविद्यालय की स्थापना सागर समेत बुंदेलखंड, मध्यप्रदेश और देश के लिए गौरव की बात है। विश्वविद्यालय अपनी उपलब्धियों से आने वाले समय में दुनिया के शीर्ष विश्वविद्यालयों की सूची में शामिल होगा। हमें भावनात्मक के साथ-साथ रचनात्मक रूप से काम कर विश्वविद्यालय की रैंकिंग में सुधार करना है और विश्वविद्यालय की उत्पादकता बढ़ाने में अपना योगदान देना है।

जीवाजी राव विश्वविद्यालय ग्वालियर के कुलगुरु प्रो. दिवाकर राजपूत ने कहा कि संकल्प के साथ काम करने पर सफलता जरूर मिलती है। ज्ञान तभी तक सार्थक है, जब उस ज्ञान को दान किया जाए।

पुस्तकों का विमोचन, मेधावी छात्रों को मिला सम्मान

मंच पर मौजूद मेहमानों ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा लिखी गई पुस्तकों का विमोचन किया। अलग-अलग दानदाताओं की ओर से दी गई राशि से विभिन्न विभागों और कक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच से पदक और राशि दी गई। प्रो. नागेश दुबे द्वारा लिखी गई बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत और मध्य भारती शोध पत्रिका मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान के 28वें और 29वें अंक का विमोचन भी मेहमानों ने किया। विभिन्न विधाओं के छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।

गौर पीठ के तहत मिली दान राशि से सिंगल गर्ल चाइल्ड और दिव्यांग श्रेणी में स्नातक प्रथम वर्ष के एक-एक मेधावी विद्यार्थी को पढ़ाई जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता के रूप में एकमुश्त राशि दी गई।

संविधान की उद्देशिका का हुआ वाचन

संविधान दिवस के मौके पर कुलगुरु प्रो. नागेश दुबे ने संविधान की उद्देशिका का वाचन किया और संविधान के प्रति आस्थावान रहने की शपथ दिलाई।

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
प्रमुख खबरें
View All