जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा, पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी सहित नेताओं ने किया डॉ. गौर के योगदान का स्मरण; इसके बाद संविधान रक्षा मार्च में शामिल होने जबलपुर रवाना हुए कार्यकर्ता
सागर। महान शिक्षाविद और दानवीर सर डॉ. हरिसिंह गौर की 157वीं जयंती पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मकरोनिया ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान मकरोनिया चौराहे पर स्थापित डॉ. गौर की प्रतिमा पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और समाज के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने कहा कि डॉ. हरिसिंह गौर ने अपनी पूरी संपत्ति शिक्षा और समाज के हित में दान कर सागर विश्वविद्यालय की स्थापना की थी। उनका जीवन त्याग, उदारता और शिक्षा के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि डॉ. गौर जैसे महान व्यक्तित्व का जीवन आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि डॉ. गौर ने सागर और बुंदेलखंड को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा के रास्ते खोले। कांग्रेस पार्टी उनके विचारों और आदर्शों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मकरोनिया के अध्यक्ष देवेंद्र कुर्मी ने कहा कि डॉ. हरिसिंह गौर सागर की पहचान और गौरव हैं। उन्होंने अपना जीवन और संपत्ति समाज तथा शिक्षा के विकास के लिए समर्पित कर दी। उनके बताए रास्ते पर चलते हुए संगठन को मजबूत बनाने के साथ शिक्षा और समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए।
संविधान रक्षा मार्च में शामिल होने जबलपुर रवाना हुए कांग्रेसी
श्रद्धांजलि कार्यक्रम संपन्न होने के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मकरोनिया के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित संविधान रक्षा मार्च में भाग लेने के लिए जबलपुर रवाना हुए।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रिचा सिंह गौड़, सुरेंद्र सिंह चावड़ा, पुरुषोत्तम शिल्पी, मोतीलाल पटेल, हेमंत लारिया, कोमल सिंह लोधी, सीमा चौधरी, जय पाराशर, रोहित वर्मा, संजय रोहिदास, अजय बमदेले, दुर्गेश अहिरवार, राजेन्द्र साहनी, अजय अहिरवार, साहित्य पांडे, अशोक कुशवाहा, विजय पाराशर, धर्मेंद्र रजक, आशीष चौधरी, राजू अहिरवार, विक्रम सिंह और राजकुमार बंसल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।








