पराली के ढेर के नीचे छिपा रखे थे करोड़ों रुपये, खेत में मिली नोटों से भरी तीन बोरियां; गांव में मचा हड़कंप
नागपुर के व्यापारी से हुई 3.74 करोड़ रुपये की लूट के मामले में बालाघाट तक पहुंची जांच, दो आरोपियों की निशानदेही पर डोरली गांव से 3.26 करोड़ रुपये बरामद
मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के एक गांव में उस वक्त लोग हैरान रह गए, जब खेत में पराली के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गई करोड़ों रुपये की नकदी सामने आई। नोटों से भरी तीन बोरियां मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। दरअसल, यह रकम महाराष्ट्र के नागपुर में एक व्यापारी से हुई करोड़ों रुपये की लूट से जुड़ी है। नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से यह कार्रवाई की।
मामला वारासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम डोरली का है। 24 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम वारासिवनी और रामपायली पुलिस के साथ गांव पहुंची। टीम अपने साथ इस लूटकांड में पकड़े गए दो आरोपियों कृष्णा चंद्रवार और अरविंद डहरवाल को लेकर आई थी। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बस्ती तालाब के पास स्थित अरविंद डहरवाल के खेत में तलाशी शुरू की।
खेत में रखे धान के पैरा यानी पुआल के ढेर को हटाकर देखा गया तो उसके नीचे तीन बोरियां छिपी मिलीं। जब बोरियों की जांच की गई तो उनमें बड़ी मात्रा में नकदी भरी हुई थी। खेत में अचानक इतनी बड़ी रकम मिलने की जानकारी गांव में फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने तीनों बोरियों को अपने कब्जे में लेकर ग्राम पंचायत डोरली पहुंचाया। यहां महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने करीब सात घंटे तक नोटों की गिनती और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान कुल 3 करोड़ 26 लाख रुपये की नकदी बरामद होने की पुष्टि हुई। कार्रवाई पूरी होने के बाद नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम दोनों आरोपियों और जब्त रकम को लेकर नागपुर रवाना हो गई।
3.74 करोड़ की लूट से जुड़ा है पूरा मामला
नागपुर क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी के मुताबिक, यह मामला नागपुर के एक व्यापारी से 3.74 करोड़ रुपये लूटे जाने से संबंधित है। पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और उनसे पूछताछ के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
लूटकांड की जांच करते हुए नागपुर पुलिस का बालाघाट के डोरली गांव तक पहुंचना और खेत में छिपाकर रखे गए 3.26 करोड़ रुपये बरामद करना इस मामले की अहम कड़ी माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।








