होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
—
On:

सोशल मीडिया पोस्ट के बाद घर के पास फंदे पर मिला 17 वर्षीय युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

सोशल मीडिया पोस्ट के बाद ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

सोशल मीडिया पोस्ट के बाद घर के पास फंदे पर मिला 17 वर्षीय युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

खुरई में धर्मेंद्र विश्वकर्मा की मौत से परिवार सदमे में, पोस्ट में लिखा था- ‘बहुत जल्दी डिलीट होने वाला हूं’; दशहरे के बाद भोपाल जाकर काम करने की थी तैयारी

सागर/खुरई। देहात थाना क्षेत्र में सुमरेरी रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले 17 वर्षीय धर्मेंद्र विश्वकर्मा का शव सोमवार को घर के नजदीक मवेशियों को बांधने के लिए बनी जगह पर फंदे से लटका मिला। घटना से पहले धर्मेंद्र ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा था, ‘बहुत जल्दी डिलीट होने वाला हूं।’ उसकी मौत और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं, हालांकि दोनों के बीच संबंध होने की अब तक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों के मुताबिक, धर्मेंद्र ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी उन्हें कोई वजह समझ में नहीं आ रही है। परिवार को भी उसकी किसी परेशानी के बारे में जानकारी नहीं थी।

धर्मेंद्र के चाचा मुलायम विश्वकर्मा ने बताया कि वह स्वभाव से बेहद सीधा-सादा था। उसके पास अपना मोबाइल फोन भी नहीं था और वह घर के दूसरे सदस्यों के फोन का इस्तेमाल करता था। धर्मेंद्र ने कुछ समय पहले पढ़ाई छोड़ दी थी और घर के कामों में परिवार का हाथ बंटाता था।

चाचा मुलायम के अनुसार, नवमी के दिन धर्मेंद्र पहले खुरई गया था। वहां से वह घर के लिए गेहूं लेकर लौटा। इसके बाद वह गढ़ौला जागीर गया और खाद की बोरी लेकर घर आया। शाम को उसने नवमी की पूजा में हिस्सा लिया और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बैठकर खाना भी खाया। उस दौरान परिवार को ऐसा कुछ नजर नहीं आया, जिससे किसी अनहोनी का अंदेशा होता।

परिजनों ने बताया कि धर्मेंद्र के चचेरे भाई भोपाल में काम करते हैं। वह भी उनके पास भोपाल जाकर काम करना चाहता था। दशहरे के बाद उसके भोपाल जाने की योजना थी, लेकिन इससे पहले ही यह घटना हो गई।

खुरई देहात थाने के सहायक निरीक्षक कमलेश धुर्वे ने बताया कि पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
प्रमुख खबरें
View All