उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर उज्जैन में विकास कार्यों की रफ्तार तेज़ है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को केडी गेट से निकास चौराहा मार्ग के चल रहे चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की सराहना की, जो स्वप्रेरणा से विकास में योगदान देते हुए अपने घरों के हिस्से हटाकर मार्ग चौड़ा करने में सहयोग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों के इस अद्भुत सहयोग भाव को जनभागीदारी से विकास का आदर्श उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इस पुराने बाजार क्षेत्र में सड़क चौड़ी होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार को भी नई गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और सिंहस्थ से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने उज्जैन कलेक्टर रौशन कुमार सिंह को निर्देश दिए कि जो नागरिक अपने मकान स्वयं हटाकर चौड़ीकरण में सहयोग कर रहे हैं, ऐसे पात्र व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के विकास में जनता की सहभागिता सबसे बड़ी ताकत है। प्रशासन को चाहिए कि कार्य तेजी से पूरा हो और नागरिकों की सुविधा का हर स्तर पर ध्यान रखा जाए।








