विद्युत विभाग द्वारा वार्ड 8 की केबिल समस्या का स्थायी समाधान, रहवासियों ने जताया आभार
तेंदूखेड़ा। नगर के वार्ड क्रमांक 8 विद्यानगर में लंबे समय से बार-बार विद्युत केबिल जलने की समस्या बनी हुई थी, जिससे क्षेत्र के रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से जैन मंदिर के पीछे स्थित इलाके में केबिल खराब होने के कारण लगभग 30 से 35 घरों की बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो जाती थी। गर्मी के मौसम में लगातार बिजली बंद होने से लोगों को काफी असुविधा हो रही थी। स्थानीय नागरिकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग द्वारा इस समस्या का स्थायी समाधान किया गया। विभाग के सहायक अभियंता फरीद अंसारी के मार्गदर्शन में लाइन स्टॉफ ने मौके पर पहुंचकर खराब केबिल को बदलने का कार्य किया। समस्या के निराकरण हेतु विभाग द्वारा नई केबिल डालकर संपूर्ण लाइन को दुरुस्त किया गया। इस कार्य में लाइन स्टॉफ के कर्मचारी सुधीर पटेरिया, लकी मिश्रा, रामकृष्ण गर्ग, शिवम खरे, पप्पू एवं राजा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कर्मचारियों ने तेज धूप और भीषण गर्मी के बावजूद पूरी मेहनत एवं लगन के साथ कार्य को समय पर पूर्ण किया। वार्ड क्रमांक 8 निवासी महेश मंगलम ने बताया कि गुरुवार को केबिल बदले जाने के बाद से विद्युत व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि इसके पहले क्षेत्रवासी लगातार परेशान थे, लेकिन विद्युत कंपनी द्वारा केबिल बदलने के बाद लोगों को बड़ी राहत मिली है। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 8 के निवासी पप्पू शर्मा ने भी विभाग के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में बार-बार बिजली फॉल्ट होने से लोग परेशान थे, लेकिन गुरुवार को केबिल बदल जाने के बाद समस्या का समाधान हो गया है और अब विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से मिल रही है। स्थानीय रहवासियों ने विद्युत विभाग के इस कार्य की प्रशंसा करते हुए विभाग एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि विभाग द्वारा किया गया यह कार्य केवल अस्थायी मरम्मत नहीं बल्कि स्थायी समाधान साबित हुआ है। इनका कहना– लाइन कर्मचारी सुधीर पटेरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड क्रमांक 8 में चार खंभों के बीच की पुरानी केबिल अत्यधिक लोड एवं जर्जर स्थिति के कारण बार-बार जल रही थी, जिससे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। विद्युत विभाग के सहायक अभियंता एम एफ अंसारी ने बताया कि आम नागरिकों को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभाग लगातार कार्य करता रहेगा।








