प्रेम प्रसंग पर बवाल: युवक को पीटकर सिर मुंडवाया, कालिख पोत गांव में घुमाया
भोपाल। विदिशा जिले की लटेरी तहसील के ग्राम मोहनपुर खुर्द में एक प्रेम संबंध का मामला अचानक हिंसक रूप ले बैठा। यहां एक युवक को किशोरी से मिलने जाना इतना भारी पड़ा कि ग्रामीणों ने उसे बेरहमी से पीटने के साथ-साथ अमानवीय तरीके से अपमानित भी किया। इस घटना ने कानून व्यवस्था और सामाजिक संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर युवक गांव की एक किशोरी से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के परिजनों ने उसे पकड़ लिया। थोड़ी ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई और गुस्साए ग्रामीणों ने बिना कुछ सोचे-समझे युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। हालात ऐसे बने कि युवक के हाथ-पैर बांध दिए गए और उसे बुरी तरह पीटा गया।
मामला यहीं नहीं थमा। भीड़ ने युवक का सिर जबरन मुंडवा दिया, उसके चेहरे पर कालिख पोती और जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। इस दौरान कई लोग तमाशबीन बने रहे और कुछ ने मोबाइल फोन से इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 100 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे के मुताबिक, किशोरी के नाबालिग होने के कारण उसकी शिकायत के आधार पर युवक पर पोक्सो एक्ट और छेड़छाड़ से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी ओर, युवक के साथ की गई मारपीट और अमानवीय व्यवहार को लेकर चार लोगों के खिलाफ भी अलग-अलग धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।








