सागर जहरीली शराब कांड: ₹30 हजार का इनामी बदमाश शिवांजय राजपूत एनकाउंटर में गिरफ्तार
पुलिस पर तानी बंदूक, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली; देसी कट्टा और कारतूस बरामद
सागर। : बंडा के बहुचर्चित जहरीली शराब कांड में फरार चल रहे तीस हजार रुपये के इनामी बदमाश शिवांजय राजपूत को सागर पुलिस ने एक सनसनीखेज मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। 21 वर्षीय शिवांजय (पिता धर्मेंद्र राजपूत, निवासी ग्राम छापरी, थाना बंडा) घटना के बाद से ही पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। वह आदतन शराब तस्कर है और उस पर पहले से ही तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। रविवार तड़के हुई इस पुलिसिया कार्रवाई में जवाबी फायरिंग के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर की अलसुबह बहरोल थाना पुलिस को मुखबिर तंत्र से एक अहम सुराग मिला था। पुलिस को भनक लगी कि शराब कांड का यह वांटेड आरोपी धामोनी-बहरोल मुख्य मार्ग से होते हुए कठुआ नाले के जंगली इलाके से अपने गांव छापरी की ओर भागने की फिराक में है।
इस सटीक सूचना को बिना वक्त गंवाए पुलिस कंट्रोल रूम के जरिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अन्य आला अफसरों के साथ साझा किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने बांदरी थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह और बहरोल थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह को तुरंत एक्शन लेने के निर्देश दिए। भारी पुलिस बल के साथ दोनों थानों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर इलाके की सख्त नाकाबंदी कर दी और कठुआ नाले के पास जंगल में चारों तरफ से घेरा डालकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस को देख दागी गोलियां, जवाबी कार्रवाई में हुआ पस्त सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस का सामना आरोपी शिवांजय से हो गया। खुद को चारों तरफ से घिरता देख आरोपी ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। उसने पुलिस पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायर किए।
इसके बाद, आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी साहस का परिचय देते हुए जवाबी कार्रवाई की और दो राउंड गोलियां चलाईं। इस फायरिंग में एक गोली शिवांजय के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत अपनी गिरफ्त में ले लिया।
हथियार और वाहन जब्त घायल बदमाश को फौरन इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां कानूनी निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। गिरफ्तारी के बाद तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक .315 बोर का देसी कट्टा, तीन जिंदा और तीन खाली कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद हथियारों को लेकर पुलिस वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
अवैध शराब माफियाओं को सख्त चेतावनी इस सफल ऑपरेशन का श्रेय त्वरित सूचना तंत्र और वरिष्ठ अधिकारियों के सटीक मार्गदर्शन को जाता है, जिसके चलते टीमें तुरंत हरकत में आईं और एक बड़ा अपराधी सलाखों के पीछे पहुंच सका। सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण से जुड़े माफियाओं के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








