सागर : SP बंगले के सामने मचाया था आतंक, अब बदमाशों का निकला जुलूस,बोले– अपराध करना पाप है
सागर। कैंट थाना क्षेत्र में एसपी बंगले के सामने गाड़ियों में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार दोपहर 2 बजे पुलिस ने आरोपियों का क्षेत्र में जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है कहते नजर आए। बाद में सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार एसपी बंगले के सामने रहने वाले फरियादी जीशान खान अपने भाई के साथ 18 मई की देर रात पीली कोठी उर्फ़ देखकर घर लौटे थे। इसी दौरान नोमान निवासी झूला तिगड्डा अपने साथी मुन्नू उर्फ़ इमरान खान, एहसान खान, रायल, समीर और अन्य के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि आरोपियों ने बिना बात गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने घर के बाहर खड़ी चार गाड़ियों में पत्थर और डंडों से तोड़फोड़ की। घटना में वाहनों के कांच टूट गए, वहीं घरों पर भी पत्थर फेंके गए।
घटना के बाद कैंट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। बुधवार को पुलिस ने सभी आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों का इलाके में जुलूस निकाला और फिर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।








