JE से मारपीट पर भड़के बिजली कर्मचारी, 24 घंटे का अल्टीमेटम; गिरफ्तारी नहीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल
सागर। खुरई विद्युत वितरण केंद्र में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता (जेई) कैलाश बेलदार के साथ हुई मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में बुधवार को विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी संगठनों ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 6 जून को खुरई विद्युत विभाग कार्यालय में शासकीय कार्य के दौरान जेई कैलाश बेलदार के साथ आरोपित संतोष सिंह, नरेंद्र कुर्मी, मेवा लोधी एवं एक अन्य व्यक्ति द्वारा गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस संबंध में खुरई थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
कर्मचारी संगठनों का आरोप है कि घटना के चार दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और वे खुलेआम घूम रहे हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड होने के बावजूद कार्रवाई में देरी हो रही है, जिससे विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को चेतावनी दी गई कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।
कर्मचारी संगठनों ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।








