दूसरे की जमीन पर झोपड़ी बनाकर गुजारा कर रहे 75 वर्षीय दुलीचंद ने जनसुनवाई में सुनाई आपबीती, बोले- अब दो वक्त के खाने के लिए भी दूसरों पर निर्भर
सागर। बिजली विभाग की ओर से जारी कथित गलत बिल ने एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ग्राम मसवासी बहेरिया निवासी दुलीचंद के नाम पर 1 लाख 39 हजार 232 रुपए का बिजली बिल बकाया दर्शाया गया है, जबकि उनका कहना है कि उनके पास न तो बिजली का कनेक्शन है और न ही घर के नाम पर कोई संपत्ति। इतना ही नहीं, इस बिल के चलते उनके बैंक खाते पर भी होल्ड लगा दिया गया है, जिससे उन्हें वृद्धावस्था पेंशन की राशि निकालने में परेशानी हो रही है।
मंगलवार को दुलीचंद कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि अगस्त 2020 में बिजली विभाग ने उनके नाम पर मीटर दर्ज कर बिजली का बिल जारी करना शुरू कर दिया था, जबकि उन्होंने कभी विद्युत कनेक्शन नहीं लिया। इसके बाद वर्ष 2022 में उन्हें 4,226 रुपए बकाया होने का नोटिस मिला। अब 10 सितंबर 2026 को विभाग ने गलत नाम-पते के आधार पर 1 लाख 39 हजार 232 रुपए जमा करने का नोटिस भेज दिया।
दूसरे की जमीन पर झोपड़ी, पेंशन से चलता था गुजारा
दुलीचंद ने अपनी आर्थिक स्थिति बताते हुए कहा कि उनके पास रहने के लिए खुद की जमीन भी नहीं है। वह किसी दूसरे की जमीन पर छोटी सी झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। सरकार से मिलने वाली वृद्धावस्था पेंशन ही उनके गुजारे का एकमात्र सहारा थी। लेकिन बिजली बिल के मामले में उनके बैंक खाते पर होल्ड लगाए जाने से अब वह पेंशन की रकम भी नहीं निकाल पा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है। दो वक्त के भोजन का इंतजाम भी लोगों की मदद से हो पाता है। ऐसे में लाखों रुपए का बिजली बिल और उसके भुगतान का नोटिस मिलने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
बिना सहमति मीटर लगाने का भी आरोप
बुजुर्ग ने बिजली विभाग पर आरोप लगाया कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनकी झोपड़ी पर एक बंद मीटर भी लगा दिया गया। उनका कहना है कि जब उन्होंने बिजली कनेक्शन ही नहीं लिया, तो उनके नाम पर मीटर और इतनी बड़ी बकाया राशि कैसे दर्ज हो गई।
दुलीचंद ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। साथ ही उनके नाम पर जारी बिजली बिल और नोटिस को रद्द करने, झोपड़ी पर लगाए गए मीटर को हटाने और बैंक खाते पर लगा होल्ड हटवाने की मांग भी की है, ताकि उन्हें वृद्धावस्था पेंशन की राशि मिल सके।








