होटल के कमरे में फंदे पर मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; मोतीनगर चौराहे पर चक्काजाम
पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए ले जाते समय मोतीनगर चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम, निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन
सागर। कोतवाली थाना क्षेत्र के लिंक रोड स्थित एक होटल के कमरे में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान रामबाग, बड़ा बाजार निवासी शुभम अग्रवाल के रूप में हुई है।
दोपहर करीब 1 बजे परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए नरयावली नाका मुक्तिधाम ले जा रहे थे। इसी दौरान मोतीनगर चौराहे पर परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
मृतक के भाई सौरभ अग्रवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि शुभम करीब 15 सितम्बर से होटल में किराए से कमरा लेकर रह रहा था। सुबह करीब 4 बजे उन्हें घटना की जानकारी मिली। सौरभ के अनुसार, कमरे में खून बिखरा हुआ था और बॉडी पूरी काली पड़ गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि घटना 3 दिन पहले हुई थी, क्या बदबू नहीं आई और कमरे की सफाई के लिए होटल का कर्मचारी वहां क्यों नहीं पहुंचा।
परिजनों ने शुभम के पैसे, कान की बाली और हाथ में पहना चूड़ा, फोर व्हीलर वाह नहीं मिलने का भी आरोप लगाया है। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
चक्काजाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। करीब 20 मिनट बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
सीएसपी ललित कुमार कश्यप ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।








