एसपी अनुराग सुजानिया के निर्देश पर जिलेभर में अभियान, दुर्गा विसर्जन के चल समारोह पर ड्रोन से रखी जाएगी नजर
सागर। दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सागर पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गुंडा-बदमाशों को चिह्नित कर उनकी धरपकड़ की जा रही है। साथ ही, संभावित गड़बड़ी को रोकने के लिए संबंधित लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
सोमवार दोपहर 2 बजे सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। संवेदनशील गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही कानून व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली थाना क्षेत्र से आधा दर्जन से अधिक गुंडा-बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
सीएसपी ललित कश्यप के मुताबिक, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान निकलने वाले चल समारोह की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। इससे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटने में मदद मिलेगी।
पुलिस ने नागरिकों से दशहरा और दुर्गा विसर्जन का पर्व शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही, चल समारोह के दौरान नशे से दूर रहने, किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं फैलाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की बात कही है।








