शादी में रसगुल्ला मांगना पड़ा भारी : 11 साल के बच्चे को हलवाई ने जलते तंदूर में झोंका
बस्ती जनपद के छावनी थाना क्षेत्र के मलौली गोसाई गांव में एक शादी समारोह के दौरान ऐसी भयावह घटना सामने आई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। यहां एक 11 वर्षीय बच्चे को केवल बार-बार रसगुल्ला खाने की वजह से इतनी निर्दयता का सामना करना पड़ा कि एक कारीगर ने उसे जलते हुए तंदूर में डाल दिया। इस घटना में बच्चा चेहरे से लेकर कमर तक गंभीर रूप से झुलस गया है और उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। फिलहाल उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव का रहने वाला चमन (11), पिता संतोष, अपनी मां के निधन के बाद बस्ती के बाघानाला स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। बुधवार को वह अपनी नानी के साथ मलौली गोसाई गांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शादी में खुशियों का माहौल था और बच्चे खेलते-कूदते हुए इधर-उधर घूम रहे थे। इसी दौरान चमन खाने के स्टॉल पर पहुंचा और वहां रखे रसगुल्ले निकालकर खाने लगा। आरोप है कि जब उसने कई बार रसगुल्ले लिए, तो वहां मौजूद कैटरिंग से जुड़े कारीगर का गुस्सा भड़क गया। पहले उसने बच्चे को पकड़कर डराया-धमकाया, लेकिन गुस्से में आकर उसने हद पार कर दी और मासूम को उठाकर जलते तंदूर के ऊपर ले गया। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से बच्चा सीधे तंदूर के अंदर गिर पड़ा।
तंदूर से उठती चीख-पुकार सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और अन्य लोग दौड़कर पहुंचे और किसी तरह बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुका था। उसे तुरंत अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया।
घटना के बाद आरोपी कारीगर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित के मामा देवीदीन निषाद ने आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। डीएसपी स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि चमन पहले ही अपनी मां को खो चुका था और ननिहाल में रहकर कक्षा दो में पढ़ाई कर रहा था। वह अपनी नानी के साथ खुशी-खुशी शादी में शामिल होने गया था, लेकिन वहां उसके साथ हुई इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। घटना के बाद इलाके में गुस्से का माहौल है और स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।








