स्कॉर्पियो की टक्कर से मां बेटे की मौत,बच्ची की हालत गंभीर
झलौन मार्ग पर हुआ हादसा आरोपी वाहन हुआ फरार तेजगढ़ थाना क्षेत्र की घटना पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्ट – विशाल रजक
तेंदूखेड़ा। तेजगढ़ थाना क्षेत्र में वाहन की टक्कर से मां बेटे की मौत हो जाने का घटनाक्रम सामने आया है। घटना में घायल बच्ची की हालत भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है घटना के संबंध में मिली जानकारी अनुसार गुरुवार को तेजगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत झलौन तेजगढ़ मार्ग पर रात करीब 9 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार क्रमांक एमपी 20 ZW 9993 ने बाइक सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी । हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था जहां से डाक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था लेकिन देर रात रास्ते में दो लोगों की मौत हो गई है जबकि एक अन्य बच्ची का मेडिकल कॉलेज जबलपुर में इलाज चल रहा है
मेडिकल जाते समय रास्ते में मां बेटे की मौत
जानकारी अनुसार पुरा निवासी संतोष पिता जगदीश सेन 30 वर्ष, संतोषरानी बाई पति जगदीश सेन 60 वर्ष, मानूवी पिता कैलाश सेन उम्र 10 वर्ष है गुरुवार को अपने घर से झलौन ग्राम में दवाई कराने सहित अन्य सामग्री की खरीदी करने के लिए आए थे और देर-रात अपनी बाइक से वापस पुरा ग्राम जा रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद आरोपी कार सवार मौके से भाग निकले हैं और घायल काफी देर तक मौके पर ही डले रहे। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां से डाक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के चलते जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया था, लेकिन मेडिकल जाते समय पाटन उड़ना के बीच संतोष रानी पति जगदीश सेन उम्र 60 और संतोष पिता जगदीश सेन उम्र 30 ने दम तोड़ दिया। घायल बालिका मानूवी का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है शुक्रवार की सुबह जबलपुर मेडिकल कॉलेज डाक्टरों ने पोस्टमार्टम के बाद मां बेटे के शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए हैं
जनपद अध्यक्ष ने पहुंचाया अस्पताल
सड़क हादसे में घायल हुए लोग घटनास्थल पर घायल अवस्था में पड़े रहे लेकिन किसी ने कोई मदद नहीं की लेकिन उसी समय तेंदूखेड़ा से वापस अपने गांव बासा लौट रहे तेंदूखेड़ा जनपद पंचायत अध्यक्ष तुलाराम यादव ने जैसे ही सड़क किनारे घायलों को देखा तो उन्होंने अपनी कार रोककर घायलों को उठाकर इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी घायलों की मदद करते हुए मानवता की मिशाल पेश की है
*इनका कहना*
इस संबंध में तेजगढ़ थाना प्रभारी अरविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि घटना की सूचना रात में मिली थी लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने के पहले ही घायल तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए थे हादसे में दो लोगों की मौत की सूचना अभी मेरे पास नहीं आई है मैं जानकारी लेता हूं साथ ही जल्द बाइक को टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है मैं जानकारी लेता हूं
*अरविंद सिंह ठाकुर थाना प्रभारी तेजगढ़








