पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर आरोपियों को किया गिरफ्तार,वारदात से पहले ही नाकाम किया बड़ा अपराध
सागर : बीना पुलिस ने डकैती की साजिश को नाकाम करते हुये पारदी गिरोह के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी मालखेड़ी रोड स्थित एक इंडस्ट्रीज की खाली बैरक के बाहर बैठकर ज्वेलर्स और पेट्रोल पंप पर डकैती डालने का प्लान बना रहे थे। एसडीओपी अजय कुमार सनकत और थाना प्रभारी अनूप यादव ने गुरुवार को इस मामले का खुलासा किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग मालखेड़ी रोड पर एक इंडस्ट्रीज की खाली बैरक के पास बैठकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और देखा कि पांच लोग सानिया ज्वेलर्स और शाह पेट्रोल पंप में डकैती डालने की चर्चा कर रहे थे। पुलिस ने तुरंत इन्हें पकड़ लिया। पकड़े गये आरोपियों की पहचान लखा सिंह पारदी 22 वर्ष निवासी गुना, कुलदीप मोगिया 20 वर्ष निवासी शिवपुरी, नंदू उर्फ नंदकिशोर पारदी 39 वर्ष निवासी गुना, तारा सिंह पारदी 19 वर्ष निवासी गुना और गजराज सिंह पारदी 22 वर्ष निवासी गुना के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार ये आरोपी बीना में वारदात करने से पहले ओडिशा जाने के लिये बीना मालखेड़ी स्टेशन पहुंचे थे। हालांकि उनके पहुंचने से पहले ही ओडिशा जाने वाली हीराकुंड एक्सप्रेस ट्रेन निकल गई। ट्रेन छूटने के बाद आरोपियों ने बीना में ही किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश शुरू कर दी। ट्रेन छूटने के बाद एक आरोपी ने बीना में ही रहने वाले अपने एक रिश्तेदार को फोन किया और कोई ऐसी जगह पूछी जहां लूट की वारदात को आसानी से अंजाम दिया जा सके। वह रिश्तेदार शहर में गुब्बारे बेचने का काम करता है, जिसने आरोपियों को लूट के लिये जगहों के नाम सुझाये। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू, गुलेल, पत्थर, मिर्च पाउडर, पेचकस, कील निकालने का पाना, तोता पाना, हाइड्रोलिक कटर और तौलिया सहित डकैती में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्रियां जब्त की हैं। थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि पारदी गिरोह के सदस्य वारदात को अंजाम देने की पूरी तैयारी कर चुके थे। यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो शहर में एक बड़ी वारदात हो जाती।
पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर आरोपियों को किया गिरफ्तार,वारदात से पहले ही नाकाम किया बड़ा अपराध
पुलिस ने डकैती की योजना ...
[post_dates]

संपादक







