सागर : तीन दिन पहले पति की मौत, अस्थि विसर्जन के दिन पत्नी ने जहर खाया, मौत
सागर/खुरई। देहात थाना क्षेत्र में महिला ने अपने पति की मौत के ठीक तीन दिन बाद शनिवार को अपने दो बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। महिला की सागर ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उन्हें इलाज के लिये बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक सहोद्रा राय वार्ड के रहने वाले 34 वर्षीय सत्यदेव तिवारी ने बुधवार को घरेलू विवाद की वजह से जहर खा लिया था। इलाज के दौरान सागर में उनकी मौत हो गई थी। सत्यदेव तिवारी खुरई कोर्ट परिसर में बने श्री दंडनायक हनुमान मंदिर में पुजारी के रूप में सेवा देते थे। सत्यदेव की मौत के तीन दिन बाद जब परिवार के बाकी लोग उनकी अस्थियां विसर्जित करने के लिये बरमान गये हुये थे तभी घर पर उनकी पत्नी आरती तिवारी 35 वर्ष ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके साथ ही उनकी 13 साल की बेटी दिव्या तिवारी और 12 साल के बेटे दिव्यांश तिवारी ने भी जहर का सेवन किया। आशंका जताई जा रही है कि महिला ने पहले अपने दोनों बच्चों को जहर दिया और फिर खुद भी खा लिया। तीनों को तुरंत खुरई के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुये उन्हें बीएमसी रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने आरती तिवारी को मृत घोषित कर दिया। दोनों बच्चे जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। महिला के शव को मर्चुरी में रखवाया गया है, जिसका रविवार को पोस्टमार्टम होगा। बताया जा रहा है कि मृतिका आरती तिवारी पिछले आठ महीने से सत्यदेव तिवारी के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। यह उनकी तीसरी शादी थी और दोनों बच्चे उनके पहले के ही थे। महिला के मायके पक्ष के बारे में अभी कोई जानकारी नही मिल पाई है। खुरई देहात थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि महिला के पति ने तीन दिन पहले पारिवारिक कलह के चलते जहर खाया था, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। अब महिला ने भी यह आत्मघाती कदम उठाया है, जिससे उसकी भी मौत हो गई है। पुलिस ने पूरे मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है और सागर से मर्ग डायरी आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पायेगी।








