खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेलकूद प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन
तेन्दूखेड़ा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, दमोह द्वारा 1 मई 2026 से 31 मई 2026 तक आयोजित ग्रीष्मकालीन खेलकूद प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर का आयोजन तेन्दूखेड़ा स्थित श्री पारसनाथ धर्मशाला एवं 1008 श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर परिसर में किया गया, जिसमें 81 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में प्रशिक्षक अनूप सिंह ठाकुर द्वारा बच्चों को कराटे एवं सेल्फ डिफेंस का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों ने कराटे की विभिन्न तकनीकों एवं आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण कौशलों को सीखा तथा अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। इस प्रशिक्षण शिविर में समाजसेवी संस्था पुण्योदय शिक्षा एवं जनकल्याण समिति, तेन्दूखेड़ा के अध्यक्ष अमित जैन एलआईसी का विशेष सहयोग रहा। समापन समारोह के अवसर पर संस्था द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार, स्मृति चिन्ह एवं सभी बच्चों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भागचंद जैन एवं शिखरचंद जैन पूर्व शिक्षक उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में राजेश सिंह ठाकुर ब्लॉक अध्यक्ष, भगवती मानव कल्याण संगठन शाखा तेन्दूखेड़ा, मुकेश जैन शिक्षक एवं संदीप जैन उपस्थित रहे। वहीं अतिथि के रूप में ब्लॉक समन्वयक शैलेंद्र चौधरी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन किया गया। अतिथियों ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा ऐसे प्रशिक्षण शिविरों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। पुण्योदय शिक्षा एवं जनकल्याण समिति, द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिन बच्चों को सम्मानित किया गया, उनमें प्रमुख रूप से दीप जैन, मौली जैन, सुहानी जैन, दिव्यांश जैन, तमन्ना सिंघई, अतिशय जैन, आदित्यराज जैन, तनिष्क जैन, दर्श मोदी, राघव जैन, आयुष जैन, संयम जैन, जिनांशी जैन एवं भावना सेन शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया तथा बच्चों को निरंतर खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।








