सागर (देवरी)। देवरी थाना पुलिस ने दो अलग-अलग अपहरण मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं को अलग-अलग राज्यों से खोज निकाला है। इनमें से एक को गुजरात के सूरत से और दूसरी को महाराष्ट्र के पुणे से बरामद किया गया। दोनों बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया और दूसरे की तलाश जारी है।
2023 में गायब हुई बालिका सूरत में मिली
पुलिस के अनुसार, पहला मामला वर्ष 2023 का है। 20 फरवरी 2023 को देवरी क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका के परिजनों ने थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर लड़की को अपने साथ ले गया। घटना के बाद पुलिस ने नाबालिग की तलाश के लिए लगातार प्रयास शुरू किए। तकनीकी तथ्यों की जांच और मोबाइल लोकेशन ट्रेसिंग के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बालिका गुजरात के सूरत शहर में है।
तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस दल सूरत रवाना हुआ। स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश दी गई और नाबालिग को सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी महेंद्र साहू (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
2025 में दर्ज दूसरा मामला, बालिका पुणे से बरामद
दूसरा मामला इसी साल यानी 15 मई 2025 का है। इस मामले में भी एक नाबालिग लड़की को किसी अज्ञात आरोपी द्वारा गायब कर दिया गया था। परिजनों की शिकायत के बाद देवरी पुलिस ने जांच शुरू की और कई संभावित बिंदुओं पर पड़ताल की। परिवार के सदस्यों से पूछताछ करने और संदेह के आधार पर कुछ लोगों की लोकेशन ट्रेस की गई। जांच के दौरान पता चला कि लड़की महाराष्ट्र के पुणे में है।
थाना प्रभारी की अगुवाई में टीम पुणे भेजी गई, जहाँ पुलिस ने दबिश देकर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि इस मामले का आरोपी अभी फरार है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी ने दी जानकारी
देवरी थाना प्रभारी गजेन्द्र सिंह बुंदेला ने बताया कि थाने में दोनों अपहरण की शिकायतें अलग-अलग वर्षों में दर्ज हुई थीं। पुलिस ने दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की और टीमवर्क के जरिए दोनों नाबालिगों को सुरक्षित वापस लाने में सफलता पाई। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरे की खोज जारी है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है।








