घर और मंदिर में चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, करीब 70 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी करने वाले आरोपियों को मोतीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 70 हजार रुपये कीमत की संपत्ति बरामद की है। मामले में एक 17 वर्षीय विधि विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने एक अन्य चोरी की वारदात का भी खुलासा किया है। जानकारी के अनुसार फरियादी देवेन्द्र पिता स्व. मगनलाल साहू 59 वर्ष निवासी ढोलक बीड़ी ऑफिस के पीछे केशवगंज वार्ड थाना मोतीनगर 5 सितंबर को अपनी पत्नी के साथ वृंदावन एवं खाटूश्याम की यात्रा पर गये थे। घर पर ताला लगा हुआ था और कोई मौजूद नही था। 11 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे जब वे वापस लौटे तो घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर सामान अस्त व्यस्त था तथा अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। जांच में अलमारी में रखे सोने के हार, मंगलसूत्र, झुमकी, चेन, अंगूठी, सोने के टॉप्स, सोने की गुरिया, चांदी की पायल, चांदी की चेन, बिछिया एवं करीब एक हजार रुपये के सिक्के सहित लगभग 70 हजार रुपये की संपत्ति चोरी होना पाया गया। फरियादी की रिपोर्ट पर मोतीनगर थाना पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने संदिग्धों की जानकारी जुटाते हुये लगातार प्रयास किये। इसी दौरान मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस ने सूरज अहिरवार पिता कन्हैयालाल अहिरवार 21 वर्ष निवासी संतकबीर वार्ड हाल बेनी साहू होटल के पास सागर, प्रिंस उर्फ गरी पिता राजेन्द्र राज अहिरवार 19 वर्ष निवासी सूबेदार वार्ड सागर तथा एक 17 वर्षीय विधि विरुद्ध बालक को 12 सितंबर को पुलिस अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घर में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही एवं कब्जे से चोरी किये गये सोने चांदी के आभूषण और अन्य संपत्ति, कुल कीमत करीब 70 हजार रुपये, गवाहों की मौजूदगी में विधिवत बरामद की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर तथा विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। वही पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने 26 अप्रैल की रात मंगलगिरी पहाड़ी स्थित जैन मंदिर से बड़ी दान पेटी चोरी करने की वारदात में भी शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा दोनों मामलों में आगे की विवेचना एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उक्त कार्रवाई में मोतीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत राजपूत, भारत सिंह, दिनेश यादव, सुनील चौबे, जगनेश, अंशुल मिश्रा, मधुर, बद्री की भूमिका रही।
घर और मंदिर में चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, करीब 70 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
घर और मंदिर में चोरी ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







