मेडिकल स्टोर पर छापा, प्रतिबंधित ड्रग्स के सैकड़ों कैप्सूल बरामद,एसपी हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई, संचालक से पूछताछ
सागर/केसली। एसपी सागर की हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के बाद केसली पुलिस ने रविवार को एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर प्रतिबंधित ड्रग्स के सैकड़ों कैप्सूल बरामद किये। पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक आमिर खान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तथा स्टोर को बंद करा दिया। जानकारी के अनुसार एसपी कार्यालय में शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने इंडियन मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई की। पुलिस ने पहले हस्ताक्षरयुक्त नोट के माध्यम से एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर मेडिकल स्टोर भेजा और स्पासमोप्रोक्सीवॉन नामक कैप्सूल खरीदा। इसके बाद पुलिस ने नोट का मिलान किया। खरीद की पुष्टि होने के बाद मेडिकल स्टोर संचालक से पूछताछ की गई। संतोषजनक जानकारी नही मिलने पर पुलिस ने मेडिकल स्टोर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को दो डिब्बों में बड़ी संख्या में नीले कैप्सूल मिले। पुलिस के अनुसार बरामद कैप्सूल स्पासमोप्रोक्सीवॉन हैं, जिनमें ट्रामाडोल घटक होने के कारण इनके दुरुपयोग की आशंका रहती है। पुलिस ने संचालक आमिर खान को हिरासत में लेकर कई घंटे तक थाने में पूछताछ की। बताया गया है कि उक्त दवा चिकित्सकीय उपयोग में तेज दर्द की स्थिति में चिकित्सकीय सलाह पर दी जाती है। इसका विक्रय निर्धारित नियमों के तहत किया जाना आवश्यक है। पुलिस कार्रवाई के बाद अब यह जांच का विषय है कि मेडिकल स्टोर पर इतनी बड़ी मात्रा में दवा किस माध्यम से पहुंची और उसका विक्रय किन परिस्थितियों में किया जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि केसली क्षेत्र में नशीली दवाओं के दुरुपयोग को लेकर लंबे समय से चिंता बनी हुई है। वही मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच और दवाओं की बिक्री के नियमों के पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब ड्रग्स इंस्पेक्टर की भूमिका और दवाओं की खरीद बिक्री से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा सकती है। बंडा में हुये शराब प्रकरण के बाद एसपी सागर द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर आमजन द्वारा शिकायतें किये जाने का सिलसिला बढ़ा है। केसली की इस कार्रवाई को भी पुलिस द्वारा हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के बाद की गई कार्रवाई बताया जा रहा है। क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और गांजे के कारोबार को लेकर भी लोगों द्वारा शिकायतें किये जाने की बात सामने आती रही है।
इनका कहना है-
यह कंट्रोल रूम एसपी साहब का पॉइंट था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन का पालन किया जा रहा है। अभी तकनीकी पक्ष देखा जा रहा है। कार्रवाई में ड्रग्स इंस्पेक्टर और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन के अनुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी। अभी पूछताछ जारी है।
–राजेश कुमार, एएसआई, केसली








