जबलपुर के बंधन बारात घर में शादी समारोह के दौरान हुआ विवाद, बिना विवाह किए लौट गई बारात; पीड़ित परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर की शिकायत
जबलपुर। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित बंधन बारात घर में 24 नवंबर को एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब वर पक्ष की ओर से दहेज में लगातार नई चीजों की मांग किए जाने का मामला सामने आया। आरोप है कि बारात पहुंचने के बाद पहले अंगूठी और फिर सोने की चेन मांगी गई। परिवार ने दोनों मांगें पूरी कर दीं, लेकिन इसके बाद भी मांगों का सिलसिला नहीं रुका। जयमाला की रस्म और भोजन के दौरान रात करीब 3 बजे AC की मांग रख दी गई। मांग पूरी नहीं होने पर वर पक्ष ने खाना खाने से मना कर दिया।
मामला इतना बढ़ गया कि दुल्हन के साथ मारपीट और अभद्रता किए जाने का आरोप है। इसके बाद वर पक्ष के लोग बिना शादी किए ही बारात लेकर वापस लौट गए।
दुल्हन के पिता मुरारी लाल कोरी गोरा बाजार के निवासी हैं। वे खमरिया फैक्ट्री से वर्ष 2013 में सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने बताया कि उनकी बड़ी बेटी का विवाह घमापुर निवासी युवक के साथ तय हुआ था। इसी सिलसिले में 24 नवंबर को बारात बंधन बारात घर पहुंची थी।
परिजनों के मुताबिक, रात करीब 1 बजे वर पक्ष ने अंगूठी की मांग की। इसके कुछ देर बाद, लगभग 2 बजे जयमाला से पहले सोने की चेन मांगी गई। पिता ने किसी तरह व्यवस्था कर गोरा बाजार से करीब 5 किलोमीटर दूर से चेन मंगवाई और वर पक्ष को दे दी।
जयमाला के बाद फिर रख दी AC की मांग
परिवार का आरोप है कि अंगूठी और सोने की चेन देने के बावजूद वर पक्ष की ओर से एक और मांग रख दी गई। जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद जब भोजन का समय आया, तब रात करीब 3 बजे AC की मांग की गई। वर पक्ष ने साफ कह दिया कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी, वे खाना नहीं खाएंगे।
इस पर दुल्हन ने अपने पिता की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी बड़ी मांग पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान वर पक्ष के लोगों ने दुल्हन के साथ मारपीट की और गाली-गलौज भी की। इसके बाद बारात बिना विवाह किए वापस चली गई।
मुरारी लाल कोरी के अनुसार, शादी समारोह में दूल्हे के माता-पिता शामिल नहीं हुए थे। बारात में दूल्हे के चाचा, बुआ, बहनें और परिवार के अन्य रिश्तेदार आए थे।
पहले से तय नहीं थी अंगूठी और चेन देने की बात
दुल्हन के जीजा ने बताया कि शादी के दौरान विवाद की मुख्य वजह दहेज की मांगें थीं। उनका कहना है कि विवाह तय होते समय द्वारचार की रस्म में अंगूठी या सोने की चेन देने को लेकर कोई सहमति नहीं बनी थी। इसके बावजूद शादी के दिन अलग-अलग समय पर नई मांगें रखी जाती रहीं।
एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और मामले में कार्रवाई की मांग की। मुरारी लाल कोरी का कहना है कि जिस परिवार के साथ उनकी बेटी का विवाह तय हुआ था, वहां शादी के दिन ही उसके साथ इस तरह का व्यवहार किया गया। ऐसे हालात में अब वे अपनी बेटी का विवाह उस परिवार में नहीं करना चाहते।
फिलहाल परिवार ने पूरे मामले में न्याय और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।








