वर्धमान जैन ने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उनकी पत्नी की मौजूदगी में सौंपे सोने के गहने और मुकुट, 27 नवंबर को भगवान वेंकटेश्वर को पहनाए जाएंगे
मंदिरों में दान करने की परंपरा सदियों पुरानी है। श्रद्धालु अपनी सामर्थ्य और आस्था के मुताबिक फल, फूल, कपड़े, नकदी से लेकर सोना-चांदी तक अर्पित करते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मंदिरों में भक्त बड़ी मात्रा में कीमती धातुओं का दान करते हैं। इसी कड़ी में दक्षिण भारत के प्रसिद्ध तिरुमाला तिरुपति मंदिर में हुआ 121 किलो सोने का दान इन दिनों चर्चा में है।
चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन ने तिरुपति मंदिर में 121 किलोग्राम सोने के आभूषण और मुकुट भेंट किए हैं। इस सोने की अनुमानित कीमत करीब 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
कौन हैं वर्धमान जैन?
वर्धमान जैन चेन्नई के व्यवसायी हैं। उनका कारोबार हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी, बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (BPO) और ऑटोमेशन जैसे क्षेत्रों से जुड़ा है। उन्हें मुख्य रूप से ‘एक्सेस हेल्थकेयर’ के संस्थापक और पूर्व वाइस-चेयरमैन के तौर पर पहचाना जाता है। उनकी कंपनी स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को तकनीक आधारित सुविधाएं उपलब्ध कराती है।
चेन्नई से अमेरिका तक की पढ़ाई
वर्धमान जैन ने अपनी शुरुआती उच्च शिक्षा चेन्नई के लोयोला कॉलेज से हासिल की, जहां उन्होंने स्टैटिक्स की पढ़ाई की। इसके बाद वे अमेरिका चले गए। वहां ऑस्टिन स्थित टेक्सास यूनिवर्सिटी से उन्होंने कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त की।
अमेरिका में रहते हुए जैन ने हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी, मेडिकल कोडिंग, इमेज प्रोसेसिंग और रोबोटिक्स प्रोसेस ऑटोमेशन के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल की। कारोबारी पहचान बनाने से पहले वे कॉर्पोरेट जगत में भी कई वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं।
उन्होंने ‘विजन हेल्थसोर्स’ की सह-स्थापना की थी। इसके अलावा डेल सर्विसेज के BPO डिवीजन में प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाली।
2025 में कारोबार का बड़ा सौदा
वर्धमान जैन के कारोबारी सफर में वर्ष 2025 को अहम मोड़ माना जाता है। बताया जाता है कि इसी दौरान उन्होंने ‘एक्सेस हेल्थकेयर’ में अपनी 70 प्रतिशत हिस्सेदारी एक अमेरिकी कंपनी को बेच दी थी। यह सौदा करीब 2 अरब डॉलर में हुआ था। इस बड़े कारोबारी लेनदेन के बाद कंपनी के साथ-साथ जैन भी चर्चा में आए। इसके अलावा वे एशिया चेन्नई इंजीनियरिंग सहित अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से भी जुड़े रहे हैं।
26 नवंबर को मंदिर में सौंपे 121 किलो सोने के आभूषण
वर्धमान जैन ने 26 नवंबर 2026 को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उनकी पत्नी की मौजूदगी में तिरुपति मंदिर को 121 किलो सोना दान किया। इसमें भगवान के लिए तैयार किए गए कीमती आभूषण और मुकुट शामिल हैं। इन आभूषणों को 27 नवंबर को भगवान वेंकटेश्वर को धारण कराया जाएगा।
हालांकि, मंदिर के लिए वर्धमान जैन का यह पहला बड़ा योगदान नहीं है। इससे पहले भी वे मंदिर के रखरखाव और आवश्यक कार्यों के लिए कई बार दान दे चुके हैं। 121 किलो सोने के इस दान के बाद एक बार फिर उनका नाम चर्चा में आ गया है।








