शाहपुर हत्याकांड के 2 और आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी सहित अब तक कुल 11 आरोपी गिरफ्तार
सागर। थाना सानौधा अंतर्गत चौकी शाहपुर क्षेत्र में 8 मई को हुये चर्चित दोहरे हत्याकांड प्रकरण में पुलिस द्वारा प्रभावी विवेचना, सतत दबिश एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा चुकी है, जबकि शेष फरार आरोपियों की तलाश के लिये पुलिस की विशेष टीमें लगातार प्रयासरत हैं। उल्लेखनीय है कि 9 मई को फरियादी सूरज अहिरवार निवासी शाहपुर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 8 मई की रात्रि लगभग 8.30 बजे शराब बेचने के संदेह को लेकर आरोपियों द्वारा उसका एवं नीरज प्रजापति का रास्ता रोककर गाली गलौज, जातिसूचक अपमान एवं लाठी लोहे की रॉड से गंभीर मारपीट की गई थी। घटना में नीरज प्रजापति की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि घायल सूरज अहिरवार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। घटना के संबंध में थाना सानौधा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। प्रकरण में पूर्व में प्रकरण के मुख्य आरोपी छोटू उर्फ हर्ष लोधी सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। पुलिस द्वारा लगातार की जा रही दबिश एवं साक्ष्य संकलन के आधार पर आज दो और फरार आरोपियों जागेश्वर पिता बहादुर लोधी 25 वर्ष निवासी ग्राम धावौली थाना बण्डा जिला सागर, रोहित पिता लखन लोधी 25 वर्ष निवासी ग्राम केवलारी थाना पथरिया जिला दमोह को क्रमशः ग्राम धबौली एवं दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरदुआ सड़क से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनकी संलिप्तता की पुष्टि होने पर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से दोनों आरोपियों के जेल वारंट प्राप्त होने पर उन्हें केन्द्रीय जेल सागर भेजा गया। उक्त कार्यवाही में निरीक्षक भरत सिंह ठाकुर, बालाराम छारी, विनोद कुमार, नीलेश दुबे, दीपांश कुमार पाठक, प्रवीण, जगदीश, देवेन्द्र, शिवराज, लकी, रामेंद्र सहित थाना सानौधा एवं चौकी शाहपुर पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।








