सीसीटीवी सुधार कार्य के दौरान बड़ा हादसा, सागर रेडियो शाखा का आरक्षक गंभीर घायल
सागर। बीना शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत के दौरान बुधवार शाम एक गंभीर दुर्घटना हो गई। सागर रेडियो शाखा में पदस्थ 42 वर्षीय आरक्षक संत कुमार झरिया काम करते समय ऊंचाई से गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। यह घटना शाम करीब 6 बजे बीआरसी कार्यालय के आसपास हुई, जहां वे कैमरों की तकनीकी जांच और सुधार में लगे हुए थे।
पुलिस के अनुसार, सागर रेडियो शाखा की तीन सदस्यीय टीम पिछले चार दिनों से बीना में विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त करने का कार्य कर रही थी। बुधवार को आरक्षक संत कुमार जनपद कार्यालय के पास सीढ़ी लगाकर कैमरे ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वे सीधे नीचे सड़क पर जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गिरने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। हादसे में आरक्षक के सिर के आगे और पीछे गंभीर चोटें आई हैं, जिससे मौके पर ही उनकी हालत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए घायल आरक्षक को बीना सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सिर में गहरी चोटों को देखते हुए उनकी स्थिति चिंताजनक बनी रही। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस विभाग और सागर रेडियो शाखा के अधिकारी घायल आरक्षक के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।








