सागर : तार-फेंसिंग उखाड़ने का विरोध करने पर बुजुर्ग को पीटा, मौत; परिजनों ने सागर-खुरई मार्ग पर किया चक्काजाम
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम अमावनी में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों की अस्पताल में भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। परिवार वालों ने घटनाक्रम के विरोध में सागर-खुरई मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। वे सड़क पर शव रखकर बैठ गये। चक्काजाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया। परिवार वालों ने बताया आनंद कुमार गुप्ता, शिवराज शुक्ला, यशवंत खटीक जबरदस्ती मेरी जमीन पर कब्जा करना चाहते है। इसी बात को लेकर उन्होंने पिता के साथ मारपीट की। जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार फरियादिया वर्षा पति आशीष पटेल 31 वर्ष निवासी ग्राम अमावनी ने 3 जून को थाने में शिकायत की थी। इसमें बताया था कि मेरे ससुर नंदराम पटेल, पति आशीष पटेल, देवर यशवंत पटेल के नाम पर करीब 4 एकड़ खेती की जमीन अमावनी में है। हमारी जमीन के बाजू में सागर के शिवराज शुक्ला और आनंद गुप्ता प्लाटिंग कर रहे हैं। उनकी प्लाटिंग की जमीन से लगी हुई। ससुर ने अपनी जमीन पर लकड़ी की बल्लियां लगाकर तार फेंसिंग की थी। 3 जून की दोपहर करीब 12.30 बजे मेरे पति आशीष रोड के पास काम करने गये थे। घर पर मैं ससुर नंदराम, सास व अन्य लोग थे। इसी दौरान बाइकों से 8 से 10 लोग हमारी जमीन के पास आये। वह हमारी जमीन पर लगी लकड़ियों की बल्लियां उखाड़कर फेंकने लगे। ससुर नंदराम ने देखा तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर मना किया। इसी बात पर उन्होंने गाली गलौज शुरू कर दी। ससुर के साथ मारपीट शुरू कर दी। बल्ली, डंडे और तलवार से मारपीट की, जिसमें ससुर नंदराम पटेल गंभीर घायल हुये। विवाद होते देख परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। बीच बचाव कर मामला शांत कराया। घायल अवस्था में नंदराम को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी बीच शुक्रवार को इलाज के दौरान घायल नंदराम पटेल की अस्पताल में मौत हो गई। मामले में मृतक के परिजन ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही करने की मांग की है। पुलिस के अनुसार मामले में घायल की मौत हुई है। वारदात में हत्या की धारा बढ़ाकर आगे की कार्यवाही की जायेगी।

8 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
थाना मोतीनगर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुये 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल सागर भेजा गया। घटना की गंभीरता को देखते हुये वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने तत्परता एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही करते हुये यशवंत उर्फ विकास खटीक 32 वर्ष निवासी धर्मश्री, धु्रव अहिरवार 30 वर्ष निवासी बासा जैसीनगर, दिलीप अहिरवार 55 वर्ष निवासी धर्मश्री, हुकुमचंद कोरी 38 वर्ष निवासी संत कबीर वार्ड, विनोद पटेल 56 वर्ष निवासी शीतला माता मंदिर के पास, दयाराम कुशवाहा 37 वर्ष निवासी बदौना, अंकित कोरी 30 वर्ष निवासी शीतला माता मंदिर के पास, शाहरूख राईन 24 वर्ष निवासी चकराघाट को गिरफ्तार किया। पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किये जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने पर सभी आरोपियों को केंद्रीय जेल सागर में न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।








