प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत वाटर शेड निर्माण से किसानों को मिलेगा लाभ
तेंदूखेड़ा। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत नरगुंवा में जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वाटर शेड निर्माण कार्य कराया गया है। इस परियोजना का निर्माण हितग्राही चरण राम सिंह लोधी के खेत क्षेत्र में किया गया है, जिसकी कुल लागत 4 लाख 31 हजार रुपये है। इसके लिए ग्राम सरपंच आरती गौड का विशेष योगदान रहा इस निर्माण कार्य का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल का संरक्षण करना, भू-जल स्तर में वृद्धि करना तथा किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराना है। ग्रामीण क्षेत्र में जल संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। वाटर शेड निर्माण से वर्षा के पानी का संग्रहण होगा, जिससे खेतों में नमी बनी रहेगी और किसानों को फसल उत्पादन में लाभ मिलेगा। ग्राम पंचायत नरगुंवा में किए गए इस कार्य से आसपास के किसानों को भी अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की संभावना है। जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण से न केवल सिंचाई सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं भूमि की उत्पादकता बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी। हितग्राही चरण राम सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत प्राप्त इस सुविधा के लिए शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वाटर शेड निर्माण से उनके खेत में वर्षा जल का बेहतर उपयोग हो सकेगा तथा भविष्य में सिंचाई संबंधी समस्याओं में कमी आएगी। ग्रामीणों ने भी इस योजना को किसानों के लिए उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रशासन का कहना है कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण एवं सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके और कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।








