तेंदूखेड़ा में नर्मदा जल योजना की बदहाल व्यवस्था, नेताओं के दबाव वाले क्षेत्रों में पहले पहुंच रहा पानी
तेंदुखेडा। नगर में नर्मदा जल योजना की अव्यवस्थित जलापूर्ति को लेकर नगरवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि योजना के अंतर्गत पानी की सप्लाई पूरी तरह अनियमित हो गई है, जिसके कारण आमजन को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर के कई वार्डों में दो दिन तो कहीं चार दिन बाद पानी उपलब्ध हो पा रहा है, वहीं पानी आने का कोई निश्चित समय नहीं होने से लोग रात-रातभर जागकर पानी भरने को मजबूर हैं।
नगरवासियों के अनुसार कभी रात 11 बजे तो कभी देर रात 12 बजे पानी छोड़ा जा रहा है। समय की जानकारी नहीं मिलने से कई परिवार पानी भरने से वंचित रह जाते हैं। लोगों का कहना है कि जलापूर्ति का कोई तय शेड्यूल नहीं है और संबंधित कर्मचारी भी इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि जिन क्षेत्रों में नेताओं और जनप्रतिनिधियों का दबाव रहता है, वहां पहले पानी उपलब्ध कराया जाता है, जबकि अन्य वार्डों में रहने वाले लोग पानी के लिए घंटों इंतजार करते रहते हैं। नगरवासियों का कहना है कि प्रभावशाली इलाकों में पर्याप्त प्रेशर के साथ पानी पहुंचता है, लेकिन बाकी मोहल्लों में या तो पानी बहुत कम आता है या फिर बिल्कुल नहीं पहुंचता। इससे आम नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय निवासी महाराज सिंह ने बताया कि पानी की समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि “नर्मदा जल का कोई निश्चित समय नहीं है। दो-चार दिन में पानी आता है और जब आता है तब भी इसकी जानकारी नहीं रहती। इसके कारण लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।” उन्होंने प्रशासन से नियमित एवं समयबद्ध जलापूर्ति की मांग की है।
वहीं नगरवासी पप्पू रजक का कहना है कि पानी आने का समय तय होना चाहिए ताकि लोग अपनी दिनचर्या के अनुसार पानी भर सकें। उन्होंने कहा कि अनियमित सप्लाई के कारण महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है








